इंटरनेशनल अल्ट्रा ट्रेल रनर कलम सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में पहाड़ के युवाओं ने बिखेरा जलवा
अल्मोड़ा, उत्तराखंड। कासार देवी के पावन आंचल और दीनापानी की हसीन वादियों में 24 से 28 जून 2026 तक आयोजित पांच-दिवसीय “कासार फेस्टिवल जात्रा” का ऐतिहासिक समापन हो गया। टीम देवस्थली द्वारा आयोजित इस भव्य महोत्सव में “अनंत नन्दा फाउण्डेशन” (ANNT NANDAS FOUNDATION) के 14 छात्र-छात्राओं (छात्र एवं छात्राओं) के दल ने हिस्सा लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कारों की झड़ी लगा दी। यह पूरा सफर संस्था के संस्थापक एवं निदेशक कलम सिंह बिष्ट (अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा रनर, COAS, GOC-in-C और गवर्नर अवार्ड से सम्मानित) के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
फाउण्डेशन के जांबाजों ने 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ से लेकर खतरनाक XCO साइकिलिंग, डांस, पेंटिंग, फैशन शो और कविता वाचन जैसे मंचों पर अपनी बादशाहत साबित की। खुद मिसाल पेश करते हुए कलम सिंह बिष्ट (मुन्दोली) ने साइकिलिंग और दौड़ जीतने के साथ-साथ अपनी कविताओं से सबका दिल जीता। वहीं दौड़ में पदमला के सौरभ कठेल, कैल देवाल के कार्तिक मिश्रा और विवेक जोशी ने पहाड़ों को अपनी रफ्तार से नाप दिया।
बेटियों ने भी बहुमुखी प्रतिभा का परचम लहराया। मुन्दोली की अंजू ने साइकिलिंग और दौड़, जबकि कलावती बिष्ट ने दौड़ के साथ-साथ कैनवास पर भी अपनी कला दिखाई। पिथौरागढ़/देहरादून की वंदना और रानीखेत के साइकिलिंग स्टार तनमय अधिकारी ने राष्ट्रीय स्तर की चुनौती पेश की, वहीं उलंगरा की प्रिया ने दौड़ में बाजी मारी।
शाम को ओपन स्टेज पर मीनाक्षी आर्य और जानवी बिष्ट (दोनों मुन्दोली) ने फैशन शो और डांस ओपन स्टेज कंपटीशन में शीर्ष पुरस्कार जीते। इसके अलावा, दोहरी प्रतिभा के धनी साहिल सिंह बिष्ट (मुन्दोली), लक्ष्मन सिंह (सुया) और देवेंद्र सिंह बिष्ट (बलाण) ने साइकिलिंग व दौड़ के साथ-साथ बेहतरीन पेंटिंग्स बनाकर फाउंडेशन का गौरव पूरे उत्तराखंड में बढ़ा दिया।